अयोध्या। शुक्रवार शाम अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर नौवां कुआं ओवरब्रिज के पास एक बड़ा हादसा हो गया। मिल्कीपुर के उपजिलाधिकारी (SDM) सुधीर कुमार की सरकारी एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें एसडीएम, नायब तहसीलदार और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त गाड़ी की रफ्तार तेज थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन करीब 20 मीटर तक डिवाइडर से घिसटता चला गया। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एसडीएम, सुधीर कुमार के सिर में गहरी चोट आई है और डॉक्टरों ने लगभग 20 टांके लगाए हैं। वहीं नायब तहसीलदार रंजन वर्मा का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। चालक शिव नारायण यादव को भी सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
हादसे की जानकारी मिलते ही कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। घटना से हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, बाद में क्रेन की मदद से वाहन हटाकर आवाजाही बहाल की गई।