अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन तथा उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। औद्योगिक आस्थान गद्दौपुर में प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उद्यमियों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बैंक गारंटी अवमुक्त कराने, यूपीसीडा से जुड़े मामलों, सेल्फ प्रोजेक्ट, दाखिल-खारिज की समस्याओं, विद्युत आपूर्ति तथा हरिपुर जलालाबाद इंडस्ट्रियल एरिया (साइट-1) के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं विभिन्न सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान खनन विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय श्रम समिति, बाल श्रम उन्मूलन समिति एवं बंधुआ श्रम सतर्कता समिति की समीक्षा भी की। उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त एन.के. चौधरी को संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।