जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के भियांव गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मो. राशिद सिद्दीकी साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने के नाम पर उनके बैंक खाते से दो बार में 35 हजार रुपये निकाल लिए। खाते में जमा पूरी रकम निकल जाने से पीड़ित के होश उड़ गए। मामले की शिकायत साइबर सेल और कटका थाने में की गई है।
पीड़ित के मुताबिक मंगलवार शाम उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के लोगो लगा एक लिंक आया। इसमें सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने के लिए फार्म भरने को कहा गया था। वह लिंक के माध्यम से फार्म भर ही रहे थे कि इसी दौरान उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उनसे कुछ जानकारी मांगी।
कुछ देर बाद पीड़ित को बातचीत पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपना बैंक खाता जांचा। खाते से दो बार में कुल 35 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। संयोग से खाते में इतनी ही रकम जमा थी।
पीड़ित ने तत्काल साइबर सेल और कटका थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।