जलालपुर, अंबेडकर नगर। भाऊकुआं-मित्तूपुर मार्ग पर पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 1.302 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 500 रुपये भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव पुलिस टीम के साथ उसरहा बैरियर के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक गांजा लेकर पैदल भाऊकुआं से मित्तूपुर मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम शिवशंकर उर्फ धवन पुत्र बालामृत निवासी रुकुनपुर कासिमपुर, थाना जलालपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद झोले से 1.302 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जेब से 500 रुपये भी मिले। बरामद गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।