आलापुर अम्बेडकर नगर। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, पूरनपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में छात्राओं की उपलब्धियों ने जिले के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर भी विद्यालय की मजबूत पहचान स्थापित की है।
हाईस्कूल परीक्षा में पांडेय परिवार की तीन छात्राओं ने विशेष उपलब्धि हासिल की। श्रिया पांडेय ने जिले में प्रथम और प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रुति पांडेय ने प्रदेश में आठवां और जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, श्रेया पांडेय ने जिले में चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। खास बात यह रही कि श्रुति और श्रेया सगी बहनें हैं, जिनकी सफलता से परिवार व क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इंटरमीडिएट परीक्षा में भी विद्यालय की छात्रा ध्रुवि सिंह ने जिले में आठवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय का इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 97 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुषमा सिंह ने बताया कि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के क्षेत्र में विद्यालय की अलग पहचान है, जिसका परिणाम छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता के रूप में सामने आया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल में जिले के प्रथम, तृतीय और चतुर्थ स्थान पर विद्यालय का कब्जा रहा, जबकि इंटरमीडिएट में भी छात्रा ने शीर्ष स्थानों में जगह बनाई है।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में श्रिया पांडेय, श्रुति पांडेय, श्रेया पांडेय और ध्रुवि सिंह समेत अन्य मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रधानाचार्या ने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अभिभावकों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।