अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अरमारूपीपुर में गुरुवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत जलापूर्ति जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चंद्रभानु पासवान ने ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग और जल संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि अरमारूपीपुर खास ग्रामीण पेयजल योजना 319.19 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है। इसके माध्यम से अरमारूपीपुर खास, परसौली मु. भिटौरा और सफरदार भारी सहित तीन राजस्व गांवों को पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
योजना के तहत 225 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक, नलकूप, पंपिंग प्लांट, 19.5 किलोवाट का सोलर प्लांट, डीजी सेट, पंप हाउस तथा लगभग 13.53 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार निर्धारित 655 परिवारों में से 642 परिवारों को क्रियाशील नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं और नियमित जलापूर्ति की जा रही है।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 122 ग्रामीण पेयजल योजनाएं संचालित हैं, जिनके माध्यम से 184 ग्राम पंचायतों के 265 राजस्व गांवों को आच्छादित किया गया है। इनमें से 54 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनसे 77 ग्राम पंचायतों के 110 राजस्व गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है।
इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से नल के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे शुद्ध एवं क्लोरीनीकृत पेयजल के उपयोग, जल संरक्षण तथा जल की बर्बादी रोकने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान अरमारूपीपुर, आसपास के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, डीपीएमयू, टीपीआई, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।