Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अधूरे नाले और सड़क निर्माण को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, आंदोलन...

अधूरे नाले और सड़क निर्माण को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

0

अयोध्या। हनुमानगढ़ी वार्ड स्थित शिवनगर कॉलोनी में अधूरे नाले और सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से नाराज क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार को महापौर को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार स्नेहल वर्मा को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा नाला और सड़क निर्माण कार्य शुरू तो कराया गया, लेकिन लंबे समय से उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। परिणामस्वरूप सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और खुले नाले दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। बरसात नजदीक होने से क्षेत्रवासियों की चिंता और बढ़ गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि अधूरे निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़कें लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। खुले नालों के चलते दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है, जबकि निर्माण कार्य अधूरा होने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय निवासी गुलशन तिवारी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की सुस्ती का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उड़ती धूल से प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।

ज्ञापन पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई। लोगों ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाए और बरसात शुरू होने से पहले सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version