Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअधूरे निर्माण कार्यों पर फूटा जनता का गुस्सा, नगर आयुक्त को सौंपा...

अधूरे निर्माण कार्यों पर फूटा जनता का गुस्सा, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


◆ गुलशन तिवारी के नेतृत्व में कार्रवाई की मांग, गुणवत्ता जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई आवाज


अयोध्या। शहर के हनुमत‌् नगर वार्ड स्थित शिवनगर कॉलोनी में अधूरे एवं अव्यवस्थित सड़क-नाली निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आ गया। लोकतंत्र प्रहरी (सेवा समिति) के बैनर तले गुलशन तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शिवनगर कॉलोनी की मुख्य सड़क पर महीनों पहले सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया, लेकिन अब तक इसे अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण सामग्री और मलबा सड़क पर फैला होने से लोगों का आवागमन बाधित है तथा दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। कॉलोनी में विद्यालय और कोचिंग संस्थान होने के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क पर लगाए गए इंटरलॉकिंग ब्लॉक कई स्थानों पर पहले ही टूट चुके हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता संदेह के घेरे में है। साथ ही निर्माण स्थल पर सूचना पट्ट (डिस्प्ले बोर्ड) तक नहीं लगाया गया है, जिससे कार्यदायी संस्था, लागत, समय-सीमा और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी जनता को उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

गुलशन तिवारी ने कहा कि कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतों के बावजूद नगर निगम और जल निगम के बीच समन्वय के अभाव में समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराकर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय नागरिक जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ज्ञापन के माध्यम से अधूरे सड़क, नाली एवं सीवर निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने, निर्माण कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने, दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई करने, निर्माण स्थल पर सूचना पट्ट लगाने तथा सड़क पर फैले मलबे को तत्काल हटाकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

इस दौरान अभय मिश्र, अरुण मिश्र, कृष्ण शुक्ला, आशीष पांडेय, नरेंद्र पांडेय सहित अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments