अम्बेडकर नगर। सुपोषित उत्तर प्रदेश थीम के तहत सोमवार को जनपद में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेवाओं को नया आयाम मिला। इस दौरान 200 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जबकि 20 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम राज्य स्तर पर लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नियुक्ति पत्र वितरण व विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में जनपद स्तर पर भी आयोजन हुआ।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे ने 20 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, बाल विकास परियोजना कार्यालय भीटी का उद्घाटन तथा 200 कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही बाल विकास परियोजना कार्यालय जलालपुर के नवनिर्माण के लिए शिलान्यास भी किया गया।
अपने संबोधन में हरिओम पांडे ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज के समग्र विकास की आधारशिला हैं। महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार आएगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डीपीओ सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।