अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) की अयोध्या इकाई की बैठक सिविल लाइन स्थित प्रेस क्लब में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रोफेसर कृष्ण मुरारी सिंह को पुनः अध्यक्ष तथा डॉ. बृजेश कुमार सिंह को महामंत्री चुना गया। चुनाव प्रक्रिया एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव प्रयोग त्रियुग नारायण तिवारी की देखरेख में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि राम मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद अयोध्या धाम में पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने पर बल दिया। वरिष्ठ पत्रकार बी.एन. दास ने अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ पत्रकार इंदूभूषण पांडेय ने अयोध्या में प्रस्तावित राष्ट्रीय सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया। प्रेस क्लब सचिव जयप्रकाश सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रो. कृष्ण मुरारी सिंह ने पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। महामंत्री डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने पत्रकारों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उनके समाधान का भरोसा दिलाया। ‘जुर्म की दुनिया’ के संपादक अशोक तिवारी ने ग्रामीण स्तर पर पत्रकारों को संगठन से जोड़ने पर बल दिया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार के.के. मिश्रा ने संगठन के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की बात कही।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.के. मिश्रा, अशोक तिवारी, समीर शाही, मीडिया प्रभारी राजेंद्र दुबे, प्रदीप पाठक, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल तथा संगठन मंत्री शिवेंद्र सिंह का चयन किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पं. जेपी तिवारी, त्रियुग नारायण तिवारी, बी.एन. दास, जयप्रकाश सिंह, कृपा शंकर पांडेय, इंदूभूषण पांडेय, नाथ बख्श सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रदीप कुमार पाठक और विवेकानंद पांडेय को शामिल किया गया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।