Wednesday, September 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगर3.71 करोड़ से बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लोगों को मिलेगी बेहतर इलाज...

3.71 करोड़ से बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लोगों को मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा


अंबेडकर नगर। भीटी विकासखंड के मेढ़वा रघुवंशी गांव में अब ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। गांव में 3.71 करोड़ रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। अयोध्या-अंबेडकरनगर क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने भूमि पूजन किया।

कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव भी मौजूद रहे। भूमि पूजन के बाद एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित समाज की नींव है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्र बनने से मेढ़वा रघुवंशी समेत आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्र से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष लाभ मिलेगा। समय पर उपचार मिलने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय या अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करेगा। इससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं गांव के नजदीक उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क समेत मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष रानेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह डिंपू, पूर्व मंडल अध्यक्ष गुलाब सिंह, दिलीप तिवारी और ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चिकित्सा विभाग के डिप्टी सीएमओ, चिकित्सा अधीक्षक भीटी तथा उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments