Sunday, October 25, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले...

कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी


◆  चुनाव आयोग पर लगाए मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग का किया समर्थन


अयोध्या। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में एआईसीसी ऑब्जर्वर और हिमाचल प्रदेश की इंदौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन अयोध्या पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने की कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मलेंद्र राजन ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से सुनियोजित तरीके से नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और किसी भी मतदाता को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करना है कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहें। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक महत्ता को देखते हुए अभियान को विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक पहुंचाने की योजना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अयोध्या और आसपास के जिलों में अभियान से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। विभिन्न राज्यों से आए पर्यवेक्षक स्थानीय नेतृत्व के साथ मिलकर अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। इसके तहत जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क कर मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली का उल्लेख करते हुए मलेंद्र राजन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महारैली से अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर गति मिलेगी।

अयोध्या के स्थानीय मुद्दों और भाजपा पर अभियान के संभावित राजनीतिक प्रभाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कांग्रेस का पूरा ध्यान ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने पर केंद्रित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments