अयोध्या। रमज़ान और होली पर्व के मद्देनज़र कोतवाली नगर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी सिटी चक्रपाणित्रिपाठी ने की। इस दौरान दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर श्रेयशत्रिपाठी ने कहा कि रमज़ान के पवित्र महीने और होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों से जुलूस मार्ग, नमाज के समय, होलिका दहन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों के संबंध में सुझाव भी लिए गए। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी निगरानी रखने की बात कही।
कोतवाली नगर प्रभारी अश्वनी पांडे सहित विभिन्न चौकी प्रभारी भी बैठक में मौजूद रहे। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।