जलालपुर, अम्बेडकर नगर। नगर क्षेत्र में बुधवार को पेट्रोल और डीजल की कथित कमी की अफवाह ने अचानक हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों लोग तेल भरवाने के लिए उमड़ पड़े। हालात ऐसे बन गए कि कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
बाइक, कार और अन्य वाहनों की लाइनें सड़कों तक फैल गईं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद ही पेट्रोल-डीजल मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोग चिंतित थे, ऐसे में जैसे ही ईंधन की कमी की बात फैली, अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जांच में नहीं मिली कमी
मामले की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चार पेट्रोल पंपों की जांच में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं पाई गई। आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।