अयोध्या । हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल अयोध्या के निर्माण के उद्देश्य से सोमवार को पूरा बाजार क्षेत्र में ‘पंचवटी वृक्षारोपण अभियान’ के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व फाउंडेशन के संस्थापक हर्षवर्धन सिंह ने किया।
अभियान के दौरान आम, आँवला, अमरूद, जामुन और नीम के पौधे लगाए गए। आयोजकों के अनुसार इन पौधों का चयन पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किया गया है। कार्यक्रम में पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी संदेश दिया गया।
इस दौरान हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि अयोध्या को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण की दृष्टि से आदर्श बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘पंचवटी अभियान’ प्रकृति संरक्षण के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का प्रयास है और इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण प्रेमियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यापक जनभागीदारी से ही अयोध्या को हरित एवं स्वच्छ नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पंचवटी वृक्षारोपण अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधरोपण किया जा रहा है। आगामी दिनों में इस अभियान का विस्तार प्रत्येक मंडल और ग्राम पंचायत तक करने की योजना है, ताकि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।