Sunday, September 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरबारिश में खुला नाला बना मुसीबत, पालिका की लापरवाही से हादसे का...

बारिश में खुला नाला बना मुसीबत, पालिका की लापरवाही से हादसे का खतरा


जलालपुर, अंबेडकर नगर। लगातार हो रही बारिश के बीच जलालपुर नगर की जल निकासी व्यवस्था नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल रही है। कबीर मठ के पास नाला जाम होने पर सफाई के नाम पर करीब एक माह पहले उसकी पटिया तोड़कर सड़क पर रख दी गई, लेकिन इसके बाद नाले की सफाई हुई और न ही पटिया दोबारा लगाई गई। नतीजतन गहरा नाला अब खुलेआम हादसे को दावत दे रहा है। जिम्मेदारों की उदासीनता का आलम यह है कि एक मोटरसाइकिल सवार करीब दस दिन पहले इसी खुले नाले में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुका है, फिर भी पालिका प्रशासन की नींद नहीं टूटी।

कबीर मठ के पास स्थित नाले की लंबे समय से सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा रहता है। जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के नाम पर नगर पालिका कर्मचारियों ने नाले की पटिया तोड़कर सड़क किनारे रख दी थी। लोगों को उम्मीद थी कि नाले की सफाई कर तत्काल पटिया लगाई जाएगी, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी जिम्मेदारों ने इसकी सुध नहीं ली। नाला आज भी खुला पड़ा है और सड़क किनारे रखी पटिया नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि से भी की थी। उन्होंने नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारियों को जल्द नाले की सफाई कराकर पटिया लगवाने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। सवाल यह है कि हादसे के बाद भी यदि जिम्मेदार नहीं चेते तो आखिर किसी की जान जाने के बाद ही पालिका प्रशासन की आंख खुलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments