जलालपुर, अंबेडकर नगर। अलग-अलग नाम, जन्मतिथि और पते का विवरण देकर दो पासपोर्ट बनवाने और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर विदेश यात्रा करने का मामला सामने आया है। पासपोर्ट सत्यापन के दौरान प्रकरण सामने आने पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के पत्र के आधार पर पासपोर्ट संबंधी मामले की जांच उपनिरीक्षक राजेश सिंह को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मरहरा गांव निवासी वसीम पुत्र मोहम्मद मुजाताबा के नाम से जारी पासपोर्ट संख्या एम1830206 का विवरण सामने आया। यह पासपोर्ट एक सितंबर 2014 को जारी हुआ था, जिसकी वैधता 31 अगस्त 2024 तक थी। इसमें जन्मतिथि 19 जुलाई 1968, माता का नाम अनवरी खातून और पत्नी का नाम नाजिया परवीन दर्ज था।
जांच में दूसरा पासपोर्ट संख्या एस8006462 भी मिला, जो मोहम्मद वसीम पुत्र मोहम्मद मुजाताबा के नाम से 29 अक्टूबर 2018 को जारी हुआ था। इसकी वैधता 28 अक्टूबर 2028 तक है। इसमें जन्मतिथि 19 जुलाई 1980 और पता मकान संख्या 121, ग्राम व पोस्ट मरहरा, थाना जलालपुर दर्ज है।
पुलिस जांच में दोनों पासपोर्ट एक ही व्यक्ति के होने की बात सामने आई। आरोप है कि पहले से जारी पासपोर्ट को छिपाकर व्यक्तिगत विवरण में बदलाव करते हुए दूसरा पासपोर्ट बनवाया गया और उसके आधार पर विदेश यात्रा की गई।
उपनिरीक्षक राजेश सिंह की तहरीर पर पासपोर्ट धारक मोहम्मद वसीम के विरुद्ध कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।