आलापुर अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया घाट में नीलगाय के अवैध शिकार का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक व्यक्ति राइफल के साथ दिखाई दे रहा है और आसपास कुछ नीलगाय घायल अवस्था में नजर आ रही हैं। वीडियो को कम्हरिया घाट क्षेत्र का बताया जा रहा है।
वीडियो की जानकारी मिलने पर आलापुर रेंज में तैनात वन दरोगा सीतांशु स्वरूप श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कम्हरिया घाट के पास नदी किनारे जांच-पड़ताल की। मौके पर एक नीलगाय मृत अवस्था में पाई गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मोहम्मद कुनमुन पुत्र सोहर अली निवासी कम्हरिया घाट का नाम सामने आया। इस पर वन विभाग की ओर से राजेसुल्तानपुर थाने में मोहम्मद कुनमुन को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नीलगाय एक संरक्षित वन्य जीव है और इसका शिकार करना कानूनन पूर्णतः प्रतिबंधित है। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत किसी भी संरक्षित या अनुसूचित वन्य जीव का शिकार करना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए कठोर सजा का प्रावधान है।