अयोध्या। साप्ताहिक बंदी के अवसर पर नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। प्रवर्तन टीम ने चौक से फतेहगंज मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए दुकानों के सामने नालियों पर लगी अवैध जालियों को भी हटाया। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और नालियों की मूल चौड़ाई बहाल कर यातायात को सुगम बनाना रहा।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले, खोमचे और पटरी दुकानदारों को भी सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। नगर निगम अधिकारियों ने उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की सलाह दी। कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मार्गों पर आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुचारू दिखाई दिया।
नगर निगम के जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। इसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बाधारहित बनाए रखना और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। दुकानदारों से अपील की गई है कि वे सड़क पर सामान या दुकान न लगाएं और नगर निगम का सहयोग करें, ताकि अयोध्या की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनी रहे।