अयोध्या। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा आठ जून से शुरू होकर 10 जून तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।अयोध्या परिक्षेत्र के पांच जनपदों में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30,500 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन बर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर बिजली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी संबंधित मजिस्ट्रेट से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
डीआईजी ने बताया कि अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दावा किया है कि भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।