कुमारगंज, अयोध्या। मिल्कीपुर सर्किल के थानाक्षेत्र कुमारगंज के धमथुआ पूरे माटीभक्ष गांव में बच्चे की पिटाई के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कथित तौर पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। यह किसी ठग की करतूत है अथवा कुछ और, यह जांच करने के बाद पता चलेगा। यह डिमांड फोन पर की गई है। जिसकी आडियो वायरल है। अयोध्या समाचार इस वायरल आडियो की सत्यता तथा इसमें कहे गये तथ्यों व बातों की पुष्टि नहीं करता है।
पूरे प्रकरण में बीते दस मार्च को गांव के व्यक्ति ने गाली गलौज करते हुए 10 वर्षीय बच्चे की डंडे से पिटाई कर दी थी, जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित के चाचा ने उसी दिन कुमारगंज पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी परन्तु कोई कार्रवाई नही हुई, कार्रवाई न होने पर 16 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच शिकायती पत्र दिया, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कुमारगंज पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। शिकायतकर्ता राजकुमार का कहना है कि इसी दिन शाम करीब 6 बजे उसके मोबाईल पर फोन आया और फोन करने वाले ने अपने को कथित तौर पर पुलिस कर्मी बताते हुए काम कराने के बदले पैसे की मांग की। जिसका ऑडियो वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में कथित बातचीत के दौरान आरोपी व्यक्ति कहता सुनाई दे रहा है। “कुछ चाय-पानी का करा दीजिए, आपका काम दो घंटे में करा देंगे। कम से कम दो (हजार) करवा दीजिए। अभी हजार करवा दीजिए, बाकी कल। अब पीड़ित पक्ष इस आडियो की जांच कराने की मांग कर रहा है। जिससे किसने यह काल किया है, उसका पता चल सके।