अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में सांस्कृतिक परिषद द्वारा राजा जगदम्बिका प्रताप नारायण सिंह सभागार में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने महाविद्यालय के विकास हेतु अपनी निधि से 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस धनराशि से महाविद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था, पानी की टंकी, शौचालय निर्माण तथा ऑडिटोरियम का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष असीम त्रिपाठी द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साकेत महाविद्यालय क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जहां हजारों विद्यार्थी अध्ययन कर अपने भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। ऐसे में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी महाविद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में साकेत महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आलोक बंसल, सचिव आनंद सिंघल, विश्व प्रकाश रूपन, प्राचार्य डा दानपति तिवारी, विश्व प्रकाश रूपन, श्रीशीत वर्मा, अविनाश चन्द्रा, पूर्व प्राचार्य प्रदीप खरे, मनूचा डिग्री कालेज की प्राचार्या डा मंजूषा मिश्रा, शिक्षक संघ के अध्यक्ष जनमेजय तिवारी, पर्यटन अधिकारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक व छात्र- छात्राएं मौजूद रहीं।