जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के रतना गांव में रविवार को जहरीले जंतु के काटने से एक अधेड़ की मौत हो गई। खेत से काम कर घर लौटने के बाद अचानक पेट में तेज दर्द होने पर स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
रतना गांव निवासी सोनी (60) रविवार को खेत से काम करके घर लौटे थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उनके पेट में तेज दर्द होने लगा। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना स्वजन ने कटका पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बताया जाता है कि सोनी की पत्नी की भी करीब एक वर्ष पहले जहरीले जंतु के काटने से मौत हो चुकी है। दंपती के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियां अपने भाई से बड़ी हैं। एक वर्ष के भीतर पहले मां और अब पिता की मौत से चारों भाई-बहनों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। इस दुखद घटना से परिवार में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।