जलालपुर अम्बेडकरनगर। मंगलवार को जलालपुर तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता की अध्यक्षता में एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान के अंतर्गत प्रतिरोधी परिवारों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्म गुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों की उपस्थिति रही।
बैठक का उद्देश्य एमडीए अभियान के दौरान दवा सेवन से इनकार करने वाले परिवारों को जागरूक एवं प्रेरित करने की रणनीति तैयार करना था। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एमडीए अभियान जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका लक्ष्य गंभीर बीमारियों की रोकथाम करना है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान चिकित्सकों द्वारा उपस्थित धर्म गुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई तथा बताया गया कि दवाएं पूर्णतः सुरक्षित हैं और चिकित्सकीय निगरानी में वितरित की जाती हैं। साथ ही प्रतिरोधी परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर समझाने एवं भ्रम दूर करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
बैठक में डॉ. सुल्तान अहमद, मोहम्मद राशिद, जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी धर्म गुरुओं एवं समाज के जिम्मेदार लोगों ने आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने समुदाय में जागरूकता फैलाकर एमडीए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयास से प्रतिरोधी परिवारों की संख्या में कमी आएगी और अभियान प्रभावी रूप से संपन्न होगा।