जैतपुर, अंबेडकर नगर। आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मद्देनजर जैतपुर थाना प्रांगण में बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष थीरेन्द्र कुमार आजाद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में थानाध्यक्ष ने लोगों से जनचर्चा करते हुए कहा कि अंबेडकर जयंती का आयोजन शासन की गाइडलाइन के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति नई मूर्तियां स्थापित न की जाएं।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां बाबा साहब की मूर्तियां स्थापित हैं, वहां सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाए जाएं, ताकि निगरानी सुनिश्चित हो सके। साथ ही यदि कहीं किसी प्रकार के व्यवधान की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से जयंती मनाने का आश्वासन दिया।