Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मेडिकल कालेज के सुरक्षा गार्डों ने तीमारदार से की मारपीट, केस दर्ज

मेडिकल कालेज के सुरक्षा गार्डों ने तीमारदार से की मारपीट, केस दर्ज

0

अयोध्या। दर्शन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। मरीज को देखने आए एक युवक के साथ मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षा गार्डों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में कोतवाली अयोध्या में एक नामजद आरोपी सहित करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना मंगलवार की है इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मयाबाजार क्षेत्र निवासी महेश दत्त पाण्डेय किसी रिश्तेदार को देखने के लिए दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में गए थे। पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षा कर्मी अशोक कुमार तिवारी तथा उसके साथ मौजूद करीब एक दर्जन अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि अचानक हुए इस हमले से वहां अफरातफरी मच गई।

घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से चले गए। पीड़ित का कहना है कि पूर्व में उनके गले का ऑपरेशन हो चुका है और पैर में भी चिकित्सकीय समस्या है, इसके बावजूद उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट से उन्हें शारीरिक चोटें भी आई हैं।

मामले में कोतवाली अयोध्या पुलिस ने सुरक्षा कर्मी अशोक कुमार तिवारी सहित एक दर्जन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(3), 115(2) एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version