Home Uncategorized महापौर ने किया बहादुरगंज में 20 हॉर्स पावर के पंप का शुभारंभ

महापौर ने किया बहादुरगंज में 20 हॉर्स पावर के पंप का शुभारंभ

0

◆ 64 लाख की परियोजना से 300 परिवारों को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा


अयोध्या। नगर निगम ने शहर की पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को बहादुरगंज स्थित 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर 20 हॉर्स पावर क्षमता के नए पंप की स्थापना का शुभारंभ महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर किया। नारियल फोड़ने और बटन दबाकर उन्होंने मशीन का संचालन शुरू कराया, जिसके साथ ही बोरिंग कार्य भी प्रारंभ हो गया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर में सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के चलते नगर की लगभग दो-तिहाई आबादी तक बेहतर पेयजल सुविधा पहुंच चुकी है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें और इसकी एक-एक बूंद बचाने में सहयोग दें।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 64 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नए पंप के चालू होने के बाद आसपास के करीब 300 परिवारों को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ दो माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

शुभारंभ कार्यक्रम में पार्षद सुमन यादव, भाजपा नेता सुनील यादव, पार्षद धर्मेंद्र मिश्र, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, अभियंता शशिकला सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version