Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरविवाहिता मौत मामला– दो आरोपी भेजे गए जेल

विवाहिता मौत मामला– दो आरोपी भेजे गए जेल


जलालपुर अम्बेडकर नगर। विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत फांसी लगाने से होना बताया गया है, लेकिन मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने सास-ससुर, पति व जेठ सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रार्थी धनजू प्रसाद पुत्र स्व. रामपियारे, निवासी वरुआ, कोतवाली जयसिंहपुर, जनपद सुलतानपुर के अनुसार उनकी पुत्री अर्चना वर्मा की शादी 6 फरवरी 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से सतीश वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब छह माह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग चार पहिया वाहन और 10 लाख रुपये नकद की मांग करने लगे।

पीड़ित पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुर जगदीश, सास कमलेश, जेठ मनीष, जेठानी कुसुम सहित अन्य परिजनों ने एक राय होकर अर्चना के साथ लगातार मारपीट शुरू कर दी। इस संबंध में अर्चना ने फोन के माध्यम से अपने मायके पक्ष को जानकारी दी थी। पिता ने अपने दामाद सतीश को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने साफ धमकी दी कि यदि पांच दिन के भीतर चार पहिया वाहन और 10 लाख रुपये नहीं दिए गए तो अर्चना को मारकर फेंक दिया जाएगा।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 31 जनवरी 2026 को ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने मिलकर साजिश के तहत अर्चना की मारपीट कर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया।

पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुर जगदीश, सास कमलेश, जेठ मनीष, जेठानी कुसुम और पति सतीश के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच पुलिस ने ससुर जगदीश और पति सतीश को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments