Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामनगरी में होगा कलम का कुंभ, एनयूजे की राष्ट्रीय परिषद बैठक में...

रामनगरी में होगा कलम का कुंभ, एनयूजे की राष्ट्रीय परिषद बैठक में जुटेंगे 200 पत्रकार

0

◆ एनयूजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक 4 अक्टूबर से अयोध्या में


◆ 22 राज्यों के करीब 200 प्रतिनिधि होंगे शामिल, पत्रकारों की समस्याओं पर होगा मंथन


अयोध्या। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) [एनयूजेआई] की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 4 और 5 अक्टूबर को अयोध्या धाम के हनुमान बाग में आयोजित होगी। बैठक में देश के 22 राज्यों से करीब 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की ओर से किया जा रहा है।

एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने बताया कि बैठक में पत्रकारों की समस्याओं और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा के साथ विभिन्न प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। मीडिया काउंसिल की स्थापना, नए वेतन बोर्ड के गठन और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा (भोपाल) बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे अधिवेशन का शुभारंभ होगा। एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि होंगे। पहले दिन दो सत्र आयोजित होंगे। शाम को प्रतिनिधि सरयू आरती में शामिल होंगे।

सोमवार को प्रतिनिधि राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान महंत राजू दास और दीपक दास की ओर से प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया जाएगा। समापन सत्र दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा, जिसके मुख्य अतिथि ऋषिकेश उपाध्याय होंगे।

उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश इकाई की ओर से पत्रकारों को पेंशन देने की मांग को बैठक में रखा जाएगा। साथ ही पत्रकारों के लिए रेल यात्रा में पूर्व में मिलने वाली रियायत को दोबारा शुरू करने की मांग का प्रस्ताव भी राष्ट्रीय बैठक में रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश से करीब 55 प्रतिनिधि इसमें सहभागिता करेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version