◆ रुपये दोगुना करने का झांसा देकर शातिर ने हासिल की रकम और पासबुक
◆ सिविल लाइन स्थित बैंक में हुई घटना, कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज
अयोध्या। बैंक में मौजूदगी के दौरान एक अजनबी पर भरोसा करना रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी को महंगा पड़ गया। रुपये दोगुना करने का लालच देकर एक व्यक्ति ने उनसे तीन लाख रुपये ऐंठ लिए और भीड़ का फायदा उठाकर बैंक से निकल गया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
कनीगंज निवासी ओमकार प्रसाद रेलवे विभाग से वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनका सिविल लाइन स्थित एक बैंक में खाता है। वह लाइफ सर्टिफिकेट संबंधी औपचारिकता पूरी कराने बैंक पहुंचे थे। केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर प्रमाणपत्र लेने के बाद उनकी मुलाकात बैंक में मौजूद अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति से हुई। बातचीत के दौरान उसने दूसरे बैंक में रकम जमा कराकर दोगुना करने की योजना बताई।
आरोप है कि उसकी बातों में आकर ओमकार प्रसाद ने अपने खाते से तीन लाख रुपये निकालकर उसे सौंप दिए। साथ ही अपनी पासबुक भी दे दी। इसके बाद आरोपी उन्हें बैंक के अलग-अलग काउंटरों पर ले जाकर जल्द काम कराने का भरोसा दिलाता रहा। इसी बीच मौका पाकर वह नकदी और पासबुक लेकर गायब हो गया।
कुछ देर तक बैंक परिसर में तलाश करने के बाद भी जब वह व्यक्ति नहीं मिला तो ओमकार प्रसाद को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।