Tuesday, July 14, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरअलमारी का ताला तोड़ सर्राफा दुकान से लाखों के जेवरात उड़ाए

अलमारी का ताला तोड़ सर्राफा दुकान से लाखों के जेवरात उड़ाए


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नर्सरी बाजार में रविवार रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। चोर दुकान का शटर और अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकान मालिक के पहुंचने पर हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जलालपुर नगर के मोहल्ला छाछू निवासी अविनाश सोनी पुत्र जयप्रकाश सोनी की नर्सरी बाजार में किराए के भवन में सर्राफा की दुकान संचालित है। अविनाश दुकान से करीब 500 मीटर दूर एक किराए के कमरे में रहते हैं। रविवार शाम रोज की तरह दुकान बंद कर वह अपने कमरे पर चले गए थे।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर प्रवेश करने पर दुकान की अलमारी का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ प्रतीत हो रहा था कि चोरों ने आराम से दुकान खंगाली।

पीड़ित अविनाश सोनी ने बताया कि चोर करीब 100 ग्राम सोना और लगभग 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण उठा ले गए हैं उनके अनुसार चोरी हुए जेवरात की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है।घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही जलालपुर कोतवाली के उपनिरीक्षक दिलेश सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।  पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। पीड़ित ने चोरी की लिखित सूचना पुलिस को दी है।बाजार के व्यापारियों का कहना है कि सर्राफा दुकान में हुई इस बड़ी चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का  दावा है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments