Monday, September 14, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगररास्ते के निर्माण की मांग को लेकर विकलांग पत्नी संग तहसील में...

रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर विकलांग पत्नी संग तहसील में अनशन पर बैठा पति


जलालपुर, अंबेडकर नगर। रास्ते का निर्माण न होने से नाराज एक व्यक्ति सोमवार दोपहर अपनी विकलांग पत्नी के साथ जलालपुर तहसील परिसर में अनशन पर बैठ गया। पीड़ित ने रास्ते का निर्माण होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है। मामला तहसील क्षेत्र के पिंडोरिया गांव का है।
गांव निवासी सत्यनारायण पांडेय का कहना है कि उनके घर तक रास्ते के निर्माण को लेकर वह कई बार जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी जलालपुर तथा ऑनलाइन माध्यम से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि रास्ता खराब होने के कारण उनकी विकलांग पत्नी पूर्णिमा पांडेय को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी जलालपुर से भी शिकायत की थी। आरोप है कि उपजिलाधिकारी ने सोमवार दोपहर दो बजे तक रास्ते का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय तक मौके पर कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा। इससे क्षुब्ध होकर वह पत्नी के साथ तहसील परिसर में अनशन पर बैठ गए।
सत्यनारायण पांडेय ने कहा कि जब तक रास्ते का निर्माण नहीं कराया जाएगा, तब तक वह तहसील परिसर से नहीं हटेंगे। वहीं, इस संबंध में उपजिलाधिकारी जलालपुर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments