Sunday, July 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरगोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर-पिकअप की टक्कर में दो की...

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर-पिकअप की टक्कर में दो की मौत


जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर कंटेनर और मुर्गी लदी पिकअप की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही कटका पुलिस और यूपीडा की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसा रविवार करीब तीन बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के 75.600 किलोमीटर पर खानपुर हुसैनाबाद गांव के पास हुआ। लखनऊ की ओर से आ रहा कंटेनर सामने से आ रही मुर्गी लदी पिकअप से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव और अतरौलिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। भियांव सीएचसी में भर्ती एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अतरौलिया अस्पताल में उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने दम तोड़ दिया। दो घायलों का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान पिकअप चालक सद्दाम पुत्र हादी और सत्य नारायण लोधी पुत्र शिवबालक, निवासी ग्राम व थाना कमरौली, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कंटेनर चालक कल्लू पुत्र भाईलाल और संतोष वाजपेई पुत्र श्रीकांत, निवासी गोविंदनगर, जनपद कानपुर शामिल हैं।

कटका थाना प्रभारी अक्षय पटेल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments