Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या द्वादश प्रतिष्ठा महोत्सव में 27 से 31 दिसंबर तक होंगे भव्य धार्मिक...

द्वादश प्रतिष्ठा महोत्सव में 27 से 31 दिसंबर तक होंगे भव्य धार्मिक अनुष्ठान

0

◆  31 दिसम्बर को मुख्य कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा सीएम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल


अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को मणिराम दास छावनी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने की। बैठक में आगामी 31 दिसंबर को प्रस्तावित द्वादश प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित रूप देने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इन अनुष्ठानों का संचालन जगतगुरु माधवाचार्य के सान्निध्य में होगा। पांचों दिन संगीतमय रामकथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जीवन और आदर्शों से आध्यात्मिक रूप से जुड़ सकेंगे।

धार्मिक आयोजनों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, सुरेश वाडेकर तथा भजन गायिका तृप्ति शाक्य अपनी सुमधुर प्रस्तुतियां देंगी। आयोजकों के अनुसार भजन-संध्या और रामकथा से रामनगरी में भक्तिमय वातावरण सृजित होगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 31 दिसंबर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा ट्रस्ट ने पुराने मंदिर को एक छोटे मंदिर के रूप में विकसित करने तथा मंदिर परिसर में हुतात्माओं के स्मारक के निर्माण का निर्णय लिया है। वहीं 19 मार्च 2026 को राम मंदिर निर्माण से जुड़े 400 से अधिक ठेकेदारों और वेंडरों को सम्मानित किए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जूता रखने के लिए विशाल रैक लगाए जाएंगे। इन रैकों में एक समय में लगभग 25 हजार तथा पूरे दिन में करीब दो लाख जूते रखने की व्यवस्था होगी। ट्रस्ट के इन निर्णयों से रामनगरी में श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version