अम्बेडकर नगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के सेवा काल के अवसर पर गुरुवार से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रवण धाम स्थित त्रिवेणी संगम घाट पर 15 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट और आसपास का परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने किया। इस दौरान विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और अन्य सहभागियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। इससे श्रवण धाम का त्रिवेणी संगम घाट आध्यात्मिक और उत्सवी वातावरण से आलोकित हो गया।
कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का शुभारंभ
प्रभारी मंत्री ने श्रवण धाम में सूचना विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में प्रदेश स्तर पर जनहित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं से संबंधित जानकारी ली।
इसके बाद प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रवण धाम परिसर में पौधारोपण किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के प्रमुख नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों के साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने अपने घरों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए।
जहांगीरगंज में ब्रह्मचारी बाबा, रामनगर में अहिरौली गोविंद साहब, अकबरपुर में निहाल दास बाबा कुटिया और बनगांव, भियांव में जगत देव बाबा, जलालपुर में झारखंड बाबा मंदिर, टांडा में महादेव डुहिया, भीटी में काली चौरा मंदिर व शिव मंदिर तथा बसखारी में हंसवर दुर्गा मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने दीप जलाए। जिलेभर में 4 लाख 34 हजार 200 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।