Sunday, October 4, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामेडिकल कॉलेज में खुलेंगे चार नए विभाग, SGPGI के हब-स्पोक मॉडल से...

मेडिकल कॉलेज में खुलेंगे चार नए विभाग, SGPGI के हब-स्पोक मॉडल से जुड़ेगा अयोध्या


अयोध्या। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक परिसर गंजा में आयोजित मेडिकल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया और चिकित्सकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या मेडिकल कॉलेज में चार नए विभाग खोलने तथा चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए इसे एसजीपीजीआई लखनऊ के हब-स्पोक मॉडल से जोड़ने की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी समेत चार नए सुपर स्पेशलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। नए विभागों के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद और स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से अयोध्या और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लखनऊ अथवा दिल्ली जाने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने बताया कि अयोध्या मेडिकल कॉलेज को एसजीपीजीआई लखनऊ के हब-स्पोक मॉडल से जोड़ा जाएगा। इसके तहत अयोध्या मेडिकल कॉलेज की आईसीयू को स्पोक और एसजीपीजीआई लखनऊ को हब के रूप में जोड़ा जाएगा। एसजीपीजीआई के विशेषज्ञ चिकित्सक ऑनलाइन माध्यम से अयोध्या के गंभीर मरीजों की स्थिति की निगरानी कर स्थानीय चिकित्सकों को उपचार संबंधी सलाह देंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जुड़ने वाला अयोध्या प्रदेश का सातवां मेडिकल कॉलेज है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या को प्रभु श्रीराम और बजरंगबली की धरती बताते हुए कहा कि वह अयोध्या धाम आते रहते हैं। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के कल्याण तथा उत्तर प्रदेश के निरंतर विकास की कामना की।


अखिलेश के 350 सीटों के दावे पर साधा निशाना


मीडिया से बातचीत में बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 350 सीटें जीतने के दावे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया दिन में ही सपने देख रहे हैं। जनता उनके पुराने कार्यकाल को भूली नहीं है। उन्होंने सपा सरकार पर गुंडागर्दी और माफियागिरी के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लोग आज भी याद करते हैं। अखिलेश यादव के आठ अक्टूबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर भी उन्होंने टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव व्यक्तिगत एजेंडे के तहत अयोध्या आ रहे हैं और सनातन संस्कृति से उनका कोई सरोकार नहीं है। राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रामलला के भव्य मंदिर निर्माण में जितने रोड़े अटकाए जा सकते थे, दोनों दलों ने अटकाए। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की पताका कभी झुकने वाली नहीं है।


2027 में 300 से अधिक सीटें जीतने का दावा


विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ 300 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी। संजय निषाद के अलग प्रत्याशी उतारने संबंधी बयान पर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निषाद समाज के अपमान का आरोप लगाया। भारत टैक्सी योजना के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें वाहन मालिक स्वयं चालक और सारथी होगा। वहीं अखिलेश यादव द्वारा एआई के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कोई भी रूप धारण कर लें, जनता उनकी सच्चाई जानती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे पर जताया दुख


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत पर उपमुख्यमंत्री ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments