Home Uncategorized मेडिकल कॉलेज में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने के...

मेडिकल कॉलेज में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने के दिए गए टिप्स

0

अयोध्या। देवकाली स्थित स्टेट डॉ. बृजकिशोर राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की ओर से फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने आग लगने के सामान्य कारणों, उससे बचाव के तरीकों और अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के उपाय भी बताए गए।

मॉक ड्रिल के माध्यम से भवन से सुरक्षित निकासी, प्राथमिक राहत और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भी फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का अभ्यास किया तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े जरूरी बिंदुओं को समझा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम संस्थान में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आपात स्थितियों से निपटने के लिए मानसिक रूप से तैयार करते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में कॉलेज प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version