अयोध्या। पौधरोपण महाअभियान-2026 “एक पेड़ मां के नाम“ के तहत रविवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, मसौधा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता तथा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत भाजपा महानगर के सभी 419 बूथों तथा नगर निगम के 60 वार्डों में स्थानीय पार्षदों के नेतृत्व में दस-दस पौधे लगाए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह एवं उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने जिला पंचायत कार्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पूरा बाजार तथा खजुराहट में पौधरोपण किया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर निगम के जोन कार्यालय परिसर, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने विद्याकुंड तथा ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं महानगर महामंत्री शिवेन्द्र सिंह ने मड़ना ग्रामसभा में पौधे लगाए।

आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि “पेड़ लगाना प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति उसके संरक्षण का भी संकल्प ले।” जिला पंचायत ने कहा कि “हरित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल होगा।” विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि “‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।” महापौर ने कहा कि “स्वच्छ और हरित अयोध्या के निर्माण के लिए पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।” महानगर अध्यक्ष ने कहा कि “भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने लगाए गए पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है।”



