Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 72 घंटे बाद भी शराब दुकानों में हुई चोरी का नहीं लगा...

72 घंटे बाद भी शराब दुकानों में हुई चोरी का नहीं लगा सुराग

0

आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सरजू नगर बाजार स्थित देसी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर की कंपोजिट दुकानों में हुई चोरी की घटना को 72 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है। लाखों रुपये मूल्य की शराब और नगदी पर हाथ साफ कर चुके चोरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

बताया गया कि बीते शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने सरजू नगर बाजार में स्थित शराब की दुकानों का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में शराब और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और आमजन में रोष व्याप्त है। चर्चा है कि चोरी के बाद पुलिस को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुए हैं, बावजूद इसके चोरों तक पुलिस की पहुंच नहीं हो सकी है।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में असुरक्षा की भावना पनप रही है। कस्बों और चौराहों पर चोरों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि पुलिस के पसीने छूट गए हैं।

इस विषय में राजेसुल्तानपुर थाना प्रभारी विजय तिवारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन किसी हमराही ने उठाया और बताया कि साहब उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, क्षेत्राधिकारी आलापुर राम बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और शीघ्र ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्यामदेव ने बताया कि घटना को लेकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के आधार पर छानबीन कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version