Tuesday, August 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचरक जयंती समारोह में शोध और संवाद पर जोर, दो चिकित्सक हुए...

चरक जयंती समारोह में शोध और संवाद पर जोर, दो चिकित्सक हुए सम्मानित


अयोध्या। विश्व आयुर्वेद परिषद (वीएपी) अयोध्या इकाई की ओर से श्रावण शुक्ल पंचमी के अवसर पर चरक जयंती समारोह का आयोजन साकेतपुरी स्थित मालती हॉस्पिटल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने भगवान धन्वंतरि एवं आचार्य चरक के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में परिषद की ओर से डॉ. पंकज श्रीवास्तव, डॉ. आनंद उपाध्याय, डॉ. विवेक श्रीवास्तव और डॉ. आशुतोष सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सकों को मरीजों के साथ बेहतर संवाद पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोककल्याण की दृष्टि से नए चिकित्सीय विषयों पर निरंतर शोध करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि हर्षवर्धन सिंह ने स्वस्थ जीवन के लिए जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने आयुर्वेद को महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।

समारोह में डॉ. गरिमा सिंह को संस्कृत में उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। वहीं आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से बांझपन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. समीक्षा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद के व्यापक प्रसार में योगदान के लिए डॉ. मिथिलेश को ‘चरक सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।

मुख्य वक्ता विश्व आयुर्वेद परिषद उत्तर प्रदेश के चिकित्सक प्रकोष्ठ के सह-प्रभारी डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने महर्षि चरक के जीवन, उनके चिकित्सा संबंधी योगदान और आयुर्वेद के विकास में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अयोध्या इकाई की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. आनंद उपाध्याय ने लोगों से आयुर्वेद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन मधुमेह एवं गठिया रोग विशेषज्ञ वैद्य विवेक श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर डॉ. एसके गुप्ता, डॉ. जलद श्रीवास्तव, डॉ. संजीव सिंह, डॉ. रत्नेश पांडेय, डॉ. एचपी तिवारी, डॉ. अमृता सिंह, डॉ. राहुल सिंह, मालती हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आशुतोष सिंह, दंत रोग चिकित्सक डॉ. कृतान्त सिंह सहित अयोध्या महानगर के कई आयुर्वेद चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments