Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बिजली के शॉर्ट सर्किट से मचा कहर, आग में जलकर राख हुआ...

बिजली के शॉर्ट सर्किट से मचा कहर, आग में जलकर राख हुआ घर

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। तहसील क्षेत्र के जीवत खुर्रम अली गांव में शुक्रवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया। आग की चपेट में आकर एक मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, वहीं हजारों रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये का घरेलू सामान राख में तब्दील हो गया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रैम्पो देवी के घर में शुक्रवार रात लगभग  साढ़े ग्यारह बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी जद में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग सहम उठे।

आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा करीब 25 हजार रुपये नकद, बिस्तर, कपड़े, खाद्यान्न व अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।

बताया जा रहा है कि जली हुई नकदी आगामी 10 मई को बेटी की बरीक्षा के लिए रखी गई थी, जो इस हादसे में खाक हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version