अम्बेडकर नगर। मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और पात्र युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिले के महाविद्यालयों में इलेक्ट्रोरल लिट्रेसी क्लब को सक्रिय किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशन में निरंतर पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को विभिन्न महाविद्यालयों में ईएलसी की बैठकें आयोजित की गईं।
एईआरओ ने रोस्टर के अनुसार श्री हुबराज जायसवाल महिला महाविद्यालय बरियावन, एमएनडी महिला महाविद्यालय खरगूपुर रामनगर तथा सरदार पटेल पीजी कॉलेज लारपुर समेत निर्धारित महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने तथा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए उपयोग किए जाने वाले फार्म-6, 7 और 8 के बारे में विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों को फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच करने और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि युवा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।