◆ अयोध्या पुलिस ने बरामद कीं 18 बैटरियां और वाहन
अयोध्या। जिले में ई-रिक्शा बैटरियों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इनायतनगर पुलिस ने मंगलवार तड़के तीन अभियुक्तों को चोरी की 18 बैटरियों और एक कार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की गिरफ्तारी बारुन-शाहगंज रोड स्थित ग्राम डोभियारा के पास वाहन चेकिंग के दौरान हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में हरिलाल (23) निवासी उछापुर बेनी दीन का पुरवा थाना उदयपुर, ललित कुमार गौतम (24) और राहुल सरोज (23) निवासी रायपुर टियाई थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों अभियुक्त जिले के इनायतनगर, पूराकलंदर और बीकापुर थाना क्षेत्रों में बैटरी चोरी की घटनाओं में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक्सायलो कार व 18 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की गई हैं। यह बैटरियां हाल ही में दर्ज चोरी के मुकदमों से जुड़ी हैं।