Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कोहरे में लापरवाही नहीं, सुरक्षित व फिट वाहन ही सड़कों पर उतारें

कोहरे में लापरवाही नहीं, सुरक्षित व फिट वाहन ही सड़कों पर उतारें

0

आरटीओ अयोध्या ने बस ऑपरेटरों वाहन चालकों को किया जागरूक


अयोध्या। शीत ऋतु में कोहरे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर संभागीय परिवहन कार्यालय अयोध्या में बस ऑपरेटरों एवं वाहन चालकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अयोध्या सुश्री ऋतु सिंह ने की। यह बैठक मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में परिवहन आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई।

आरटीओ ऋतु सिंह ने कहा कि कोहरे के मौसम में जरा-सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अनफिट वाहनों का संचालन न किया जाए। वाहन चलाने से पहले ब्रेक, क्लच, हेडलाइट, टेललाइट, वाइपर, बैटरी, टायर और हीटिंग सिस्टम की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। आरटीओ ने कहा कि कम दृश्यता की स्थिति में तेज गति से वाहन न चलाएं, लेन परिवर्तन से बचें और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। दृश्यता शून्य होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक देना ही बेहतर विकल्प है। उन्होंने लो-बीम लाइट के प्रयोग, मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप लगाने तथा फॉग लाइट के सही उपयोग पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग व ओवरहैंगिंग से बचने और सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई। आरटीओ ने बस ऑपरेटरों से आग्रह किया कि वे अपने चालकों को भी इन सावधानियों के प्रति जागरूक करें।

बैठक में मोटरयान निरीक्षक राजीव कुमार सहित कार्यालय के कर्मचारी, बस ऑपरेटर और बड़ी संख्या में वाहन चालक उपस्थित रहे। आरटीओ ने कहा कि सुरक्षित यात्रा ही जिम्मेदार नागरिक की पहचान है और सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version