Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के लंबित कार्यों पर मंडलायुक्त सख्त, समयबद्ध...

सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के लंबित कार्यों पर मंडलायुक्त सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

0

अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सांसदों द्वारा प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति, निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति, पूर्ण हो चुके कार्यों की प्रगति तथा लंबित भुगतानों की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने मंडल के सभी जनपदों में विभिन्न वर्षों में स्वीकृत कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को अपूर्ण एवं लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अपने स्तर पर लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन पुराने कार्यों के क्रियान्वयन की संभावना नहीं है, उनके संबंध में संबंधित सांसदों से विचार-विमर्श कर नियमानुसार उन्हें निरस्त कराया जाए तथा उनके स्थान पर जनहित से जुड़े नए कार्य प्रस्तावित किए जाएं।

मंडलायुक्त ने अनारंभ एवं अपूर्ण कार्यों के लिए जिम्मेदार कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या सहित मंडल के पांचों जनपदों के परियोजना निदेशक (डीआरडीए) एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version