Tuesday, September 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगररास्ता दुरुस्त होने पर दिव्यांग महिला ने खत्म की भूख हड़ताल

रास्ता दुरुस्त होने पर दिव्यांग महिला ने खत्म की भूख हड़ताल


◆ प्रशासन ने खराब मौसम में पहुंचकर दुरुस्त कराया रास्ता, दिव्यांग महिला ने खत्म की भूख हड़ताल


जलालपुर, अंबेडकर नगर। रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर तहसील परिसर में पति व दो नाबालिग बच्चों के साथ भूख हड़ताल पर बैठी दिव्यांग महिला की समस्या को लेकर प्रशासन मंगलवार को हरकत में आ गया। सुबह से ही प्रशासनिक टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और खराब मौसम के बीच रास्ते को समतल कराकर आवागमन योग्य बनवाया। रास्ता दुरुस्त होने के बाद दिव्यांग महिला और उसके परिवार ने संतोष जताते हुए भूख हड़ताल समाप्त कर दी।

विदित हो कि जलालपुर तहसील क्षेत्र के भियांव ब्लॉक अंतर्गत पिण्डोरिया गांव निवासी दिव्यांग महिला पूर्णिमा पांडे अपने घर तक जाने वाले बदहाल रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर पिछले चार वर्षों से तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक अधिकारियों के चक्कर लगा रही थीं। इसके बावजूद रास्ते की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज पूर्णिमा पांडे अपने पति सत्यनारायण पांडे और दो नाबालिग बच्चों के साथ सोमवार शाम तहसील परिसर में भूख हड़ताल का बोर्ड लगाकर धरने पर बैठ गई थीं।

मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने मंगलवार सुबह महिला और उसके परिवार से वार्ता कर समस्या की जानकारी ली। उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह के निर्देश पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम पिण्डोरिया गांव स्थित महिला के घर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण किया और खराब मौसम के बीच रास्ते को समतल कराकर दुरुस्त कराया।

रास्ता दुरुस्त होने के बाद पूर्णिमा पांडे ने उपजिलाधिकारी को लिखित रूप से संतुष्टि जताई और भूख हड़ताल समाप्त कर दी। हालांकि उन्होंने आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।

वहीं, दिव्यांग महिला के समर्थन में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, विकलांग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विमल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी तहसील परिसर पहुंचे और धरने में शामिल होकर महिला की मांगों का समर्थन किया।

प्रशासन द्वारा रास्ता दुरुस्त कराए जाने और महिला के भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments