अयोध्या। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेशपाठक मंगलवार शाम रामनगरी पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी अपने नाम को ही चरितार्थ कर रहे हैं। उन्होंने एआई ग्लोबल समिट में हुए प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे देश की छवि के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों का राजनीतिक खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा और देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदेश में निवेश और विकास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बड़े निवेशक राज्य में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर राजस्व अधिशेष (रेवेन्यू सरप्लस) राज्य बन चुका है।
शंकराचार्य से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय में नमाज को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय दास ने डिप्टी सीएम को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।