जलालपुर, अंबेडकर नगर। जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तमसा नदी पुल के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरतल गांव निवासी सुनील कुमार (45) और अलमापुर निवासी जय सिंह (50) मंगलवार सुबह किसी कार्यवश बाइक से बरियावन गए थे। दोपहर बाद जब दोनों वापस घर लौट रहे थे और सुल्तानगढ़ के पास तमसा नदी पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रक चालक ग्राम बिसौरा खुर्द, थाना अलदहा, जनपद मिर्जापुर निवासी मुन्ना पुत्र हीरालाल को हिरासत में ले लिया गया है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।