अयोध्या। बीकापुर तहसील क्षेत्र के मुकीमपुर में निर्माणाधीन मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 9.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस केंद्र का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा होने का दावा किया गया है। दीपोत्सव तक इसके लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है।
शाहगंज बाजार के पास स्थित इस केंद्र का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) के निर्माण प्रखंड अयोध्या द्वारा कराया जा रहा है। यूपीआरएनएसएस के सहायक अभियंता संजय सिंह के अनुसार, परियोजना के मुख्य भवन समेत अन्य भवनों में पेंटिंग का कार्य चल रहा है। मुख्य भवन जी+2, जबकि टाइप-1, टाइप-2, टाइप-3 और टाइप-4 श्रेणी के भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है।
परियोजना के तहत ओवरहेड टैंक का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है। बाउंड्रीवॉल की चिनाई और स्थल विकास का कार्य भी अंतिम चरण में है।
आश्रय के साथ प्रशिक्षण की भी होगी व्यवस्था
केंद्र का उद्देश्य मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों और व्यक्तियों को सुरक्षित आश्रय के साथ आवास, भोजन, शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराना है। यहां विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को कौशल विकास और स्वरोजगार के लिए तैयार करने की योजना है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि केंद्र में ऐसे मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों को भी आश्रय देने की व्यवस्था की जाएगी, जो रेलवे स्टेशन, बस अड्डे अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर असहाय स्थिति में पाए जाते हैं। उन्हें भोजन, पानी, देखभाल और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद केंद्र के संचालन से मानसिक रूप से दिव्यांग लोगों को सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। दीपोत्सव के दौरान इसके लोकार्पण की तैयारी की जा रही है।