Sunday, November 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअखिलेश यादव का अयोध्या दौरा दर्शन नहीं, वोट का खेल : ऋषिकेश...

अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा दर्शन नहीं, वोट का खेल : ऋषिकेश उपाध्याय


बोले- चुनाव नजदीक आते ही याद आने लगे रामलला, प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पर नहीं आए थे अखिलेश


अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने अखिलेश यादव के दौरे को राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह रामलला के दर्शन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिंदुओं का वोट हासिल करने की कवायद है। चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को हिंदू बनने और रामलला की याद आने लगी है।

ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, उस समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अखिलेश यादव को बाकायदा निमंत्रण भेजा गया था। पूरा देश राममय था। संत-महंत, धर्माचार्य और रामभक्त अयोध्या पहुंच रहे थे, लेकिन उस समय अखिलेश यादव ने अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करना उचित नहीं समझा। तब उन्हें राम मंदिर और रामलला की याद नहीं आई।

उन्होंने कहा कि अब जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो अखिलेश यादव को अयोध्या की याद सताने लगी है। यह चुनावी हिंदू बनने का ढोंग है। रामलला के दर्शन को भी राजनीतिक अवसर के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पर अयोध्या नहीं आया, वह आज किस नैतिक आधार पर रामलला के प्रति अपनी आस्था का प्रदर्शन कर रहा है?

पूर्व महापौर ने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा का राजनीतिक चरित्र किसी से छिपा नहीं है। चुनाव के समय हिंदू बनने का दिखावा और चुनाव के बाद पुरानी राजनीति, यही उसका तरीका रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की जनता और रामभक्त राजनीतिक दिखावे को अच्छी तरह समझते हैं। राम के नाम पर वोट की राजनीति करने वालों को जनता जवाब देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments